नव केसरी ब्यूरो :-धर्मशाला के सराह क्षेत्र में तेंदुए की उपस्थिति के बाद अब योल आर्मी एरिया में भी तेंदुए की मूवमेंट ने लोगों में दहशत फैला दी है। बीते बुधवार को योल के आर्मी एरिया में एक तेंदुए को देखा गया, जिसकी पुष्टि एक आर्मी ऑफिसर ने की और उन्होंने इसका एक वीडियो भी साझा किया। वीडियो में तेंदुए की स्पष्ट मूवमेंट कैद हुई है, जो कि दीवार के पास झाड़ियों के बीच देखी गई। वन विभाग धर्मशाला के फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा ने बताया कि बरसात के मौसम में जंगल में झाड़ियां तेजी से बढ़ जाती हैं, जिसके कारण तेंदुए जैसे वन्य जीव खुले स्थानों की ओर रुख करते हैं। यह विशेषकर सुबह और शाम के समय होता है। योल आर्मी एरिया में ड्यूटी पर तैनात एक जवान ने तेंदुए की मूवमेंट को रिकॉर्ड किया, जो कि सुबह के लगभग 4 बजे की घटना है। उन्होंने यह भी कहा कि तेंदुए के इंसानों के पास आने की संभावना कम होती है, लेकिन फिर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। तेंदुए की बढ़ती मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग ने इस क्षेत्र में गश्त तेज कर दी है, और लोगों को जागरूक करने के प्रयास जारी हैं। विभाग की टीमें लगातार तेंदुए की मूवमेंट पर नजर बनाए हुए हैं और उसकी पकड़ के लिए सभी जरूरी कदम उठा रही हैं।