जालंधर, 29 अप्रैल – पंजाब के लोक निर्माण और बिजली मंत्री हरभजन सिंह ETO ने आज तरनतारन के कक्का कंडियाला रेलवे लाइन पर बन रहे चार लेन के रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य की समीक्षा की। इस अवसर पर तरनतारन से विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल भी उनके साथ मौजूद रहे। मंत्री हरभजन सिंह ETO ने जानकारी दी कि इस ओवरब्रिज का अब तक 31 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि पहले इस प्रोजेक्ट को जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया था, लेकिन आम लोगों की सुविधा को देखते हुए अब इसका कार्य दिसंबर 2025 तक पूरा कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गति को और तेज किया जाए ताकि यह महत्वपूर्ण परियोजना समय से पहले पूर्ण हो सके और क्षेत्र के लोगों को ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं से राहत मिल सके। मंत्री ने कहा कि यह ओवरब्रिज न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि क्षेत्र के विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा।
