नव केसरी ब्यूरो :- जालंधर में राज्यसभा सदस्य डॉ. अशोक कुमार मित्तल ने एमपी लैड फंड से ₹1.50 करोड़ की लागत वाले विकास कार्यों का उद्घाटन किया, जिसके तहत दीप नगर कैंट में ₹1 करोड़ की लागत से और मॉडल टाउन स्थित शिवपुरी में ₹50 लाख की लागत से इमारतों का नवीनीकरण व नया निर्माण कराया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों की सहूलियत और श्मशान घाटों में बुनियादी ढांचे के सुधार के लिए यह फंड दिया गया है। राज्य की वर्तमान स्थिति पर बात करते हुए उन्होंने पंजाब में बढ़ते नशे और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर सरकार को घेरा और कहा कि मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले की हत्या, संगरूर में आत्महत्या तथा जालंधर में लगातार हो रही स्नेचिंग की घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान की तरह पंजाब से भी नशा, उग्रवाद और गैंगस्टरवाद को केवल भाजपा ही खत्म कर सकती है, इसलिए आने वाले फरवरी चुनावों में जनता भाजपा को पूर्ण बहुमत देकर डबल इंजन सरकार बनाएगी। खुद कैंट से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी स्तर पर ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है और उनका फिलहाल चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है। वहीं एलपीयू में हुई हिंसा और छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर मित्तल ने कहा कि मामले में 100 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, जिनमें से 19 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी रहने पर बाकी आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
