जालंधर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जालंधर शहरी ने संगठन को धरातल स्तर पर अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जालंधर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के दो प्रमुख मंडलों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है। भाजपा के जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने संगठनात्मक फेरबदल करते हुए भगत सिंह किला मंडल की जिम्मेदारी आशीष सहगल को सौंपी है, जबकि किशनपुरा मंडल के अध्यक्ष पद का दायित्व शाम शर्मा को सौंपा गया है। नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने आशा व्यक्त की कि वे पूरी निष्ठा, समर्पण और संगठनात्मक अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और केंद्र सरकार के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाना तथा मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद व समन्वय स्थापित करना संगठन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि भाजपा का हर एक समर्पित कार्यकर्ता पार्टी की असली ताकत है, ऐसे में सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर जालंधर उत्तरी क्षेत्र में पार्टी का दायरा बढ़ाना चाहिए और जनता से जुड़े स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहिए। उन्होंने पूरा विश्वास जताया कि दोनों नवनियुक्त अध्यक्ष अपनी जिम्मेदारियों को कुशलता से निभाते हुए आगामी संगठनात्मक लक्ष्यों को पूरा करने और पार्टी को नई ऊर्जा प्रदान करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

