शब्द, चंडीगढ़, 5 सितंबर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर पर एक दुष्कर्म मामले को दबाने के एवज में कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगे हैं। इन आरोपों के विरोध में शिरोमणि अकाली दल की महिला विंग (इस्त्री अकाली दल) ने सांसद हरसिमरत कौर बादल के नेतृत्व में चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का फैसला किया।
इसी कड़ी में हलका अमलोह से सीनियर नेता बीबी किरणदीप कौर खन्ना की अगुवाई में बड़ी संख्या में महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं का काफिला चंडीगढ़ की ओर रवाना हुआ। इस मौके पर बीबी किरणदीप कौर खन्ना ने कहा कि डॉ. गुरप्रीत कौर का नाम सामने आने के बाद इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘आप’ ने पंजाब को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का वादा किया था, लेकिन अब सत्ताधारी परिवार पर ही बेहद गंभीर आरोप लग रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) से इस पूरे मामले का स्वतः संज्ञान लेने, डॉ. गुरप्रीत कौर व उनके परिवार के खिलाफ कार्रवाई करने और मामले में दोषी व्यक्ति की तुरंत गिरफ्तारी सुनिश्चित कर पीड़िता को इंसाफ दिलाने की पुरजोर मांग की।
