शब्द ब्यूरो, जालंधर/संगरूर (28 जून):** पंजाब के संगरूर में अपनी लंबित भर्तियों और रोजगार की मांग को लेकर बेरोजगार शिक्षकों का गुस्सा चरम पर पहुंच गया है। आज बड़ी संख्या में जुटे शिक्षकों ने अपनी जायज मांगों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष श्री अमन अरोड़ा की कोठी के आगे जोरदार धरना प्रदर्शन किया , हाथों में तख्तियां और बैनर थामे प्रदर्शनकारी शिक्षकों ने पंजाब सरकार और ‘आप’ नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस अचानक हुए बड़े प्रदर्शन को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था , धरने पर बैठे शिक्षक नेताओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही उनकी सुध नहीं ली और अधूरी पड़ी भर्ती प्रक्रियाओं को पूरा नहीं किया, तो आने वाले समय में वे अपने इस आंदोलन को और अधिक उग्र करेंगे। शिक्षकों ने बेहद तीखे तेवर अपनाते हुए कहा कि वर्तमान में लागू चुनाव आचार संहिता के खत्म होते ही वे राज्य के हर कोने में जाकर सरकार के झूठे वादों की पोल खोलेंगे और जनता के सामने सत्ताधारी दल के असली चेहरे को बेनकाब करेंगे। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच हुए इस प्रदर्शन ने एक बार फिर बेरोजगार युवाओं और सरकार के बीच चल रहे गतिरोध को उजागर कर दिया है।
